BY Suraj Kumar Thakur Oct 03, 2023
पलामू:
पलामू के पांकी में संकल्प यात्रा के दौरान जनसभा को संबोधित करते हुए प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने राज्य की हेमंत सोरेन सरकार को बेरोजगारी के मुद्दे पर घेरा। बाबूलाल मरांडी ने कहा कि हेमंत कार्यकाल के 4 साल बीतने को हैं लेकिन उनका नियुक्ति वर्ष नहीं आया। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ही अब झारखंड में युवाओं को नौकरी देगी।
बाबूलाल ने गिनाईं अपने कार्यकाल की उपलब्धि
2 पूर्व मुख्यमंत्रियों का जिक्र करते हुए बाबूलाल मरांडी ने कहा कि मेरे, अर्जुन मुंडा और रघुवर दास के कार्यकाल में झारखंड में अभूतपूर्व विकास हुआ लेकिन मौजूदा जेएमएम-कांग्रेस गठबंधन प्रदेश को लूट रही है। उन्होंने ग्राम पंचायत से जिला तक भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए कहा कि अयोग्य व्यक्तियों का राशन कार्ड बन रहा है। उन्होंने कहा कि जरूरतमंदों का राशन कार्ड नहीं बन रहा है। प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष ने कहा कि बीजेपी की सरकार बनेगी तो अधिकारी घर-घर जाकर राशन कार्ड बनाएंगे।
अपराधियों में पुलिस प्रशासन का खौफ नहीं
विधि-व्यवस्था के मसले पर बाबूलाल मरांडी ने कहा कि हेमंत सरकार में अपराधियों में कानून का खौफ नहीं है। पुलिस, सरकारी निर्देश पर वसूली में लगी है। कोयला, बालू और पत्थर में लूट मची है। उन्होंने कहा कि लचर कानून-व्यवस्था का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि बीते 5 माह में 23 व्यापारियों की हत्या हुई। इनमें से 9 व्यापारियों को मांगने के बाद भी पुलिस प्रोटेक्शन नहीं मिला।
अंचल से जिला तक फैला है भ्रष्टाचार का जाल
बाबूलाल मरांडी ने आरोप लगाया कि प्रदेश में अंचल, ब्लॉक और जिला के सरकारी कार्यालयों में बिना पैसा कोई काम नहीं होता। मृत्यु प्रमाण पत्र और राशन कार्ड तक के लिए अधिकारियों की जेब करनी पड़ती है। सरकारी अधिकारी पद पर बने रहने के लिए हेमंत सरकार को रिचार्ज करते हैं।
The Followup ख़बरों को देखने का एक नया नजरिया है, युवा पत्रकारों की कोशिश है और सच्ची पत्रकारिता का संकल्प है। झारखण्ड-बिहार में तेजी से उभरता यह वेब पोर्टल है।
Copyright © 2021-22 TheFollowup pvt. ltd., All Rights Reserved